Thursday, 15 October 2015

प्रेम रतन धन पायो को लेकर भारी क्रेज़

 
 
 
प्रेम रतन धन पायो को रिलीज होने में लगभग एक महीना बाकी है, लेकिन फिल्म उद्योग इस फिल्म की सफलता को लेकर आशान्वित है। सिनेमाघर मालिकों में इस फिल्म को लेकर भारी क्रेज है और वे अपने सिनेमाघर में इस फिल्म को लगाने के लिए इच्छुक हैं। 


फिल्म ट्रेड से जुड़े लोगों के अनुसार देश भर के सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर के मालिक इस फिल्म को अपने सिनेमाघर में लगाने के लिए भारी रकम का ऑफर दे रहे हैं। वे वितरक को लुभावनी पेशकश इसलिए दे रहे हैं क्योंकि उनका मानना है कि सलमान की यह फिल्म आय के सारे कीर्तिमान ध्वस्त कर देगी। फिल्म के ट्रेलर ने धीरे-धीरे माहौल बना लिया है और छोटे शहरों में इस फिल्म के चलने की उम्मीद बहुत ज्यादा है। 

दिवाली पर यह फिल्म रिलीज हो रही है। इस त्योहार पर रिलीज होने वाली फिल्म का बिजनेस बीस से पच्चीस प्रतिशत तक बढ़ जाता है। साथ ही सूरज और सलमान का कॉम्बिनेशन भी इस बात को मजबूत आधार दे रहा है कि फिल्म सफल हो सकती है। सूरज और सलमान की सफलता का रिकॉर्ड शत-प्रतिशत है। 
 
मैंने प्यार किया से दोनों ने सफर शुरू किया था और इसके बाद 'हम आपके हैं कौन' तथा 'हम साथ साथ हैं' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। यही वजह है कि बॉलीवुड इस फिल्म की सफलता तय मान रहा है।

No comments:

Post a Comment