Sunday, 1 November 2015

इस भूमिका की पेशकश मेगास्टार अमिताभ बच्चन को की गई थी




मुंबई। मुफलिसी के बावजूद बहुत सारे अनाथ बच्चों को पालने वाले ‘मिस्टर इंडिया’ के किरदार को निभाकर अनिल कपूर ने भले ही अपने अभिनय का लोहा मनवाया, लेकिन बहुत कम लोग यह जानते हैं कि पहले इस भूमिका की पेशकश मेगास्टार अमिताभ बच्चन को की गई थी।


पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने मामी मुंबई फिल्मोत्सव के दौरान जाहिर किया कि 1987 में आई ब्लॉकबस्टर ‘मिस्टर इंडिया’ के निर्माता इस फिल्म में बच्चन को लेने के बारे में विचार कर रहे थे।

अख्तर ने लिखा है, 'प्रमोद चक्रवर्ती ने अमिताभ बच्चन की मुख्य भूमिका के साथ एक फिल्म शुरू की थी और उन्होंने एक टेप रिकॉर्डर का पहला शाट भी लिया, जिसमें उनकी आवाज का टेप चलाया गया।'

उन्होंने कहा है, 'एक मूविंग शॉट लिया गया था। इसी दौरान गायब होने वाले व्यक्ति का आइडिया आया, लेकिन उनके (अमिताभ बच्चन के) साथ चीजें सिरे नहीं चढ़ सकीं।'

समारोह के तीसरे दिन मिस्टर इंडिया के अदाकारों श्री देवी, अनिल कपूर, सतीश कौशिक, निर्माता बोनी कपूर ने फिल्म के बारे में अपने तजुर्बात साझा किए। इस दौरान निर्माता बोनी कपूर ने कहा कि वह ‘मिस्टर इंडिया’ का सीक्वल बनाने को लेकर उत्सुक हैं लेकिन फिल्म निर्माता शेखर कपूर इसे निर्देशित नहीं करेंगे।

‘मिस्टर इंडिया’ को लेकर तमाम चर्चाओं के बीच बोनी ने पुष्टि की कि वह एक रोमांचक पटकथा की तलाश में हैं।

1987 में आई वैज्ञानिक कल्पनाओं पर आधारित ‘मिस्टर इंडिया’ फिल्म के सीक्वल के बारे में बोनी ने कहा कि पटकथा के आधार पर ही इस फिल्म के सितारों का चयन किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment