Wednesday, 4 November 2015

बीजेपी के कुछ नेताओं को अपनी जुबान पर काबू रखने की जरूरत है : अनुपम खेर




असहिष्णुता के मामले पर बीजेपी सरकार और पीएम मोदी के लिए मोर्चा संभाल रहे अभिनेता अनुपम खेर अब बीजेपी नेताओं पर ही बरस पड़े हैं।

खेर ने शाहरुख खान पर हो रही विवादित बयानबाजी पर कहा कि बीजेपी के कुछ नेताओं को अपनी जुबान पर काबू रखने की जरूरत है। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि बीजेपी नेताओं को शाहरुख के बारे में बकवास बयानबाजी बंद कर देनी चाहिए।

खेर ने लिखा कि शाहरुख सबके आदर्श हैं और सभी को उन पर गर्व है। हालांकि, इस गुस्से में भी खेर ने पीएम मोदी का बचाव किया। उन्होंने लिखा, 'हर पार्टी में कुछ बुरे तत्व होते हैं, इसके लिए हम प्रधानमंत्री और उसके इरादों पर अपनी राय नहीं बना सकते।' अनुपम खेर का गुस्सा बीजेपी सांसद योगी आदित्यनाथ के बयान के बाद फूटा है।

आदित्यनाथ ने कहा कि कुछ कथित लेखकों, कलाकारों ने जिस प्रकार अब भारत विरोधी स्वर उठाना शुरू किया है, दुर्भाग्य से उस स्वर के साथ शाहरुख खान जैसे लोगों के भी स्वर मिले हैं। आदित्यनाथ ने कहा, 'मुझे लगता है कि शाहरुख और हाफिज सईद की भाषा में कोई फर्क नहीं है। बहुसंख्यक फिल्में न देखें तो सड़क पर आ जाएंगे शाहरुख।'

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने हालांकि आदित्यनाथ के बयान पर टिप्पणी न करते हुए कहा कि उन्हें शाहरुख की अदा पर गर्व है। शाहरुख भारत की शान हैं। बीजेपी नेताओं के इस बयान पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि पीएम मोदी को शाहरुख खान से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'शाहरुख फिक्र न करें, हम आपके साथ हैं।'

विजयवर्गीय ने भी बोला था हमला
बता दें, पिछले दिनों शाहरुख ने कहा था कि देश में असहिष्णुता बढ़ रही है और इससे विदेशों में भारत की छवि खराब हो रही है। शाहरुख के इस बयान के बाद से ही उन पर बीजेपी नेताओं के जुबानी हमले जारी हैं। बीजेपी नेता कैलाश विजयवर्गीय ने मंगलवार शाम सिलसिलेवार ट्वीट करके कहा, 'शाहरुख भले ही यहां रहते हैं, लेकिन उनकी आत्मा पाकिस्ताम में बसती है।' हालांकि, विजयवर्गीय को बीजेपी के शीर्ष नेताओं की फटकार के बाद अपना बयान वापस लेना पड़ा।

No comments:

Post a Comment